लखनऊ। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में नगर निगम के जोन-1 क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
हजरतगंज पार्क रोड पर कार्रवाई
नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने हजरतगंज पार्क रोड पर सड़क किनारे अवैध रूप से लगी दुकानों और ठेलों को हटाया। अभियान के दौरान कई अस्थायी दुकानों को हटाते हुए उनका सामान जब्त कर लिया गया।
प्रवर्तन टीम ने जब्त किया सामान
नगर निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ घेरकर कारोबार कर रहे दुकानदारों को पहले चेतावनी दी, इसके बाद कार्रवाई करते हुए सामान जब्त कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि सड़क और फुटपाथ पर कब्जा होने से यातायात प्रभावित हो रहा था।
जोनल अधिकारी के निर्देश पर चला अभियान
यह अभियान जोनल अधिकारी के निर्देश पर चलाया गया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जा न करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।






