लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन स्थित अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की पैतृक भूमि उत्तर प्रदेश में होना प्रदेशवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। अटल जी का विराट व्यक्तित्व और विचारधारा आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा। उन्होंने देश के विकास, लोकतंत्र की मजबूती और सुशासन के लिए अपना संपूर्ण जीवन लगा दिया। अटल जी न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि संवेदनशील कवि और विचारक भी थे।
सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ से अटल जी का विशेष और आत्मीय रिश्ता रहा है। उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों को अटल जी के विचारों से जोड़ने का कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की स्मृतियों और उनके आदर्शों को हम सभी को जीवंत रखना है। उन्होंने प्रदेशवासियों को सुशासन दिवस की बधाई देते हुए कहा कि अटल जी हम सभी के लिए प्रेरणा हैं।
सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने लोकसभा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया। उनका योगदान भारतीय राजनीति में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान लोक भवन परिसर में श्रद्धा और सम्मान का वातावरण रहा, जहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अटल जी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।




