कानपुर: सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में विधायक नसीम सोलंकी के नेतृत्व में आयोजित पीडीए होली और ईद मिलन समारोह में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की रणनीति पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता भाजपा की नफरत और उत्पीड़न के खिलाफ पूरी तैयारी करें।
सभा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर तंज कसा और कहा कि सरकार संविधान का सम्मान नहीं करती और समाजवादी कार्यकर्ताओं तथा विपक्षी नेताओं पर लगातार दमन करती रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
विधायक नसीम सोलंकी ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि उन्होंने उपचुनाव की शुरुआत अकेले की थी, लेकिन धीरे-धीरे उनका कारवां मजबूत हुआ। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और समर्थक पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं। कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भी हिस्सा लिया और भाजपा की तानाशाही के खिलाफ जनता को जागरूक करने का संदेश दिया।
सभा में पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के उत्पीड़न का जिक्र किया गया। नेता प्रतिपक्ष पांडेय ने बताया कि उन्होंने जेल जाकर इरफान से मुलाकात की थी, जहां जेलर ने उनके व्यवहार की शिकायत भी की थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संयम और संघर्ष के साथ अपने हक के लिए आगे बढ़ें।
इस अवसर पर विधायक रागिनी सोनकर, विधायक अमिताभ बाजपेई, महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद, पूर्व अध्यक्ष अब्दुल मोईन खान, आशीष चौबे, नसीम रजा, अनिल सोनकर, रिंकू सिंह, महानगर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, उदय द्विवेदी, सिराज हुसैन सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा में उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर चुनावी संकल्प भी लिया।


