नई दिल्ली
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आवास पर उस समय हलचल मच गई, जब असम पुलिस की टीम दिल्ली पुलिस के साथ जांच के लिए पहुंच गई। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब खेड़ा ने हिमंत बिस्व सरमा और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिससे सियासी माहौल गरमा गया है।
दरअसल, हाल ही में पवन खेड़ा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया था कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास यूएई, मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा जैसे देशों के पासपोर्ट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने चुनावी हलफनामे में पत्नी की विदेशी संपत्तियों का खुलासा नहीं किया है। खेड़ा के मुताबिक दुबई में उनकी महंगी संपत्तियां हैं और अमेरिका के व्योमिंग में कंपनियां संचालित हो रही हैं। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराने और चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
इन आरोपों के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि कांग्रेस फर्जी सूचनाओं और ‘फेक एआई कैंपेन’ के आधार पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन संपत्तियों का जिक्र किया जा रहा है, उनके वास्तविक मालिक कोई और हैं।
मुख्यमंत्री ने पवन खेड़ा को चेतावनी देते हुए कहा था कि वे इन आरोपों को लेकर आपराधिक और सिविल मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे। इसी कड़ी में अब असम पुलिस की टीम का दिल्ली पहुंचना इस मामले को और गंभीर बना रहा है।
गौरतलब है कि Assam में 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होना है। चुनाव से ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मामला आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है, क्योंकि दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर अड़े हुए हैं और कानूनी लड़ाई की तैयारी में हैं।


