निगोही व पुवायां रोड पर चला सघन चेकिंग अभियान
शाहजहांपुर।
जनपद में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एआरटीओ प्रवर्तन विभाग ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। निगोही रोड और पुवायां रोड पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान ओवरलोड गन्ना लदे ट्रकों तथा क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाली मैजिक गाड़ियों पर कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को पड़ोसी जनपद लखीमपुर खीरी में ओवरलोड गन्ना ट्रक के स्कूल वैन पर गिरने से एक दर्दनाक हादसा हुआ था। इस घटना के बाद परिवहन विभाग सतर्क हुआ और शाहजहांपुर में भी एआरटीओ प्रवर्तन द्वारा विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
अभियान के दौरान कई ओवरलोड वाहनों के चालान किए गए, जबकि कुछ वाहनों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया।
एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित एवं ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भविष्य में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
ओवरलोड वाहनों पर चला एआरटीओ प्रवर्तन का डंडा


