अनुभव मिश्रा
नवीन वर्ष 2026 की शुरुआत बस चंद दिनों में होने को है और हम सभी इस नवीन वर्ष के प्रारंभ में अपने जीवन में नए संकल्प लेंगे। लेकिन क्या हमें पता है कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए कौन सी शक्ति सबसे अधिक आवश्यक है? यह शक्ति है “धैर्य की ताकत”।
धैर्य एक ऐसा भाव है जिस से विषम परिस्थियां भी मृदुल हो जाती है, पुरानी कहावत है कि, “धैर्य का फल मीठा होता है।” इस कहावत की आवश्यकता जीवन में हमेशा रहती है क्यूँकि परिस्थितयां चाहें जैसी भी हों सूझ-बूझ और धैर्य से बुद्धि का उपयोग कर के हर समस्या का हल निकाला जा सकता है।
“धैर्य की ताकत” सब से ज्यादा शक्तिशाली अस्त्र है जिस की सहायता से बड़े बड़े काम भी सरलतापूर्वक किए जा सकते हैं। इस धैर्य नामक अस्त्र की सबसे ज्यादा आवश्यकता आज की युवा पीढ़ी को है जो धैर्य से काम लेना जानते ही नहीं, हम देखते है कि हमारा युवा वर्ग कितनी जल्दी हिम्मत हार जाता है, किसी को पढ़ाई तो किसी को नौकरी की चिंता और इसके चलते कई लोग तो आत्महत्या आदि जैसे नकारात्मक विचार तक कर लेते हैं। हमारे युवा वर्ग एवं अन्य भी सभी लोगों को चाहिए कि परिस्थिति चाहें कैसी भी हो, हमें बस अपना कर्तव्य निभाते हुए धैर्य के साथ लक्ष्य पर ध्यान लगाए रखना है। यह धैर्य की ताकत ही हमें जीवन की चुनौतियों का सामना करने में एवं अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करती है।
मैंने इस विषय को अपनी स्वरचित पंक्तियों के माध्यम से कुछ इस प्रकार व्यक्त किया है….
“कुछ लिखना और मिटाना
जीवन पथ पर बढ़ते जाना
कुछ पाने की ख्वाहिश रखना
खोने की गुंजाइश रखना
आँधी में लौ डग-मग हो तो
तुम पत्थर पर फूल खिलाना
कुछ लिखना और मिटाना।
सोचा है जो वो सब होगा
और सोच से भी बेहतर होगा
तुम लक्ष्य पे अपने दृढ़ रहना
आलोचक को मत कुछ कहना
बस धैर्य का दामन थाम के
जीवन पथ पर बढ़ते जाना
कुछ लिखना और मिटाना।”
यह कविता जीवन के संघर्षों, उतार-चढ़ावों, और लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए दृढ़ रहने की प्रेरणा देती है। हमें अपने जीवन में धैर्य रखना चाहिए जितना हम धैर्य रखेंगे उतना ही सफ़लता की ओर आगे बढ़ेंगे, अगर हम अपने जीवन में हर काम जल्दबाजी में करेंगे तो इस से हमें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में कठिनाई ही होगी।
धैर्य की आवश्यकता जीवन के विभिन्न पहलुओं में होती है। चाहे वह शिक्षा हो, करियर हो, या व्यक्तिगत जीवन हो, यह हमें हर कदम पर मदद करती है। जब हम धैर्य से काम करते हैं, तो हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठा सकते हैं, और सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
आने वाले नवीन वर्ष 2026 में “धैर्य की ताकत” को अपनाने के लिए हम अपने लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से परिभाषित करें,एक योजना बनाएं,धैर्य से काम करें,
अपने प्रगति को ट्रैक करें,अपने आप पर विश्वास रखें,अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक जोखिम उठाए,अपने आप को सकारात्मक रखें,अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक संसाधनों का उपयोग करें
इन सुझावों को अपनाकर आप नवीन वर्ष 2026 में “धैर्य की ताकत” को अपना सकते हैं और अपने लक्ष्यों को शीघ्र प्राप्त कर सकते हैं।
इस प्रकार, धैर्य की ताकत हमें जीवन की चुनौतियों का सामना करने में एवं अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने में मदद करती है। हमें अपने जीवन में धैर्य की ताकत को अपनाना चाहिए, और इसका उपयोग अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए जीवन के हर कदम पर करते रहना चाहिए।
सफलता प्राप्त करने के लिए कई कारकों का महत्व होता है। इनमें से कुछ प्रमुख कारक हैं धैर्य, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास, और सीखने की इच्छा। इन कारकों को अपनाकर हम अपने जीवन के लक्ष्यों को शीघ्र ही प्राप्त कर सकते हैं।


