एक भारत-श्रेष्ठ भारत की थीम पर छात्रों ने पेश की विविध सांस्कृतिक झलकियाँ
फतेहगढ़: आर्मी पब्लिक स्कूल (Army Public School) फतेहगढ़ (Fatehgarh) में अट्ठारहवां वार्षिकोत्सव ‘गैलेक्टिका’ बड़े उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम विश्व बंधुत्व और “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की थीम पर आधारित रहा, जिसमें छात्रों ने वैदिक काल से लेकर आजादी के 100 वर्ष और विजन 2047 तक भारत की सांस्कृतिक यात्रा को आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंचित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्टेशन कमांडर एवं चेयरमैन ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन, वरिष्ठ निदेशक आवा श्रीमती अंबिका जैन और वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती अनीता सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं द्वारा मंत्रोच्चार एवं सरस्वती वंदना के बाद पाइप बैण्ड और स्वागत नृत्य ने माहौल को जीवंत कर दिया।
प्राथमिक छात्रों ने अरुणाचल और मणिपुर की संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि माध्यमिक छात्रों का राजदरबारी क्लासिकल समूह गीत दर्शकों की वाहवाही लूटता रहा। बच्चों ने वैदिक, मौर्य, मुगल और ब्रिटिश काल से होते हुए आजादी तक भारत की गाथा अभिनय नृत्य प्रथम में दिखाई, और अभिनय नृत्य द्वितीय में भविष्य के भारत की झलक विजन 2047 के रूप में पेश की।
बाल हास्य कवि सम्मेलन ने उपस्थित दर्शकों को खूब गुदगुदाया। दक्षिण भारतीय संस्कृति की झलक, पैंटो माइम एक्ट, ‘डांस विद विंग्स’ और अंग्रेजी प्रस्तुति ‘हील द वर्ल्ड’ को भी सराहना मिली। ‘विश्व में सिरमौर भारत’ प्रस्तुति ने विविधता में एकता का सशक्त संदेश दिया।
सीबीएसई वालीबाल प्रतियोगिता की स्वर्ण पदक विजेता टीम, धावक वर्धान दीक्षित, शूटर अनिरुद्ध बोस, शतरंज विजेता सृष्टि यादव, एवं शॉट पुट में प्रथम आए प्रशांत यादव को पुरस्कृत किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी के प्रोजेक्ट गरुण नेत्र, SAM और एआई एमएल मॉडल बनाने वाली टीमों को भी सम्मानित किया गया।
वार्षिक सदन प्रतियोगिता में अशोका सदन 245 अंकों के साथ विजेता तथा पटेल सदन 198 अंकों के साथ उपविजेता घोषित हुआ। इस वर्ष सेवानिवृत्त होने वाली शिक्षिका श्रीमती अनीता सिंह एवं माली फूल सिंह को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर जैन ने शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “संस्कार और अनुशासन ही जीवन में सफलता की कुंजी हैं। अभिभावकों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बच्चों को सचेत रखना चाहिए।”
डॉ. संदीप सिंह के नेतृत्व में सजाए गए मंच की सभी ने तारीफ की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी और अभिभावक उपस्थित रहे।


