जसवंतनगर/ मैनपुरी: आगरा–कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप और ढाबे पर मंगलवार रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर सनसनी फैला दी। चार बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और नकदी, दो मोबाइल फोन तथा एक रायफल लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
ग्राम नगला भिखन निवासी राजीव कुमार पुत्र स्वर्गीय कामता प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मार्च 2026 की रात करीब नौ बजे वह आगरा–कानपुर मार्ग पर ग्राम मलाजनी के पास स्थित अपने ‘फौजी ढाबा’ और पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। इसी दौरान चार अज्ञात युवक मुंह बांधे और पगड़ी पहने हुए वहां पहुंचे। उनके हाथों में तलवार, फरसा और लोहे की रॉड जैसे धारदार हथियार थे।
बताया गया है कि बदमाशों ने आते ही कर्मचारियों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने ढाबे और पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने वहां से नकदी, दो मोबाइल फोन और लाइसेंसी रायफल लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। इस वारदात के बाद हाईवे पर स्थित ढाबों और पेट्रोल पंप संचालकों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


