31 C
Lucknow
Friday, April 10, 2026

21 साल पुराने दोहरे हत्याकांड में बी वारंट तमीला बाद आरोपी अनुराग दुबे उर्फ डब्बन कोर्ट में पेश – माफिया नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने की तैयारी

Must read

फर्रुखाबाद/मैनपुरी। दो दशक पुराने सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। बुधवार को इस मामले के आरोपी गैंगस्टर अनुराग दुबे उर्फ डब्बन को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच मैनपुरी न्यायालय में पेश किया गया। लंबे समय बाद केस के दोबारा खुलने से पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है। वही उसका बड़ा भाई माफिया अनुपम दुबे मथुरा जेल में बंद है जिसकी शीघ्र न्यायलय पेशी होगी।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2005 में हुए इस चर्चित हत्याकांड में मृतक डब्बन के सगे चाचा और चाची को निशाना बनाया गया था। आरोप है कि माफिया अनुपम दुबे और उसके सहयोगियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर दोनों की निर्मम हत्या कर दी थी। इस घटना ने उस समय पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी, लेकिन समय के साथ मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
अब 21 साल बाद फाइल दोबारा खुलने के बाद पुलिस पुराने साक्ष्यों, गवाहों और केस डायरी को खंगाल रही है। इसी कड़ी में आरोपी अनुराग दुबे को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस रिमांड लेकर गहन पूछताछ की तैयारी में है, जिससे हत्या की साजिश, हथियारों की सप्लाई और गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका उजागर हो सकती है।
पुलिस की जांच अब केवल हत्याकांड तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे गैंग के नेटवर्क, आर्थिक तंत्र और पुराने आपराधिक मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से प्रदेश के चर्चित माफिया नेटवर्क पर भी बड़ा असर पड़ सकता है।
बताया जा रहा है कि आरोपी का नाम लंबे समय से प्रदेश के टॉप अपराधियों में गिना जाता रहा है और उस पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में कोर्ट पेशी को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
करीब 21 साल बाद इस मामले के दोबारा गर्माने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों को उम्मीद है कि इस बार न सिर्फ इस दोहरे हत्याकांड के दोषियों को सजा मिलेगी, बल्कि वर्षों से दबे कई राज भी सामने आएंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article