लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अनुपूरक बजट लाए जाने को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि सरकार जब अनुपूरक बजट ला रही है, तब यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि वह पूर्ण बजट का खर्च ही क्यों नहीं कर पाई।
आराधना मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई ऐसी योजनाएं हैं, जिनमें 0 प्रतिशत बजट खर्च हुआ है। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं के लिए धन आवंटित किया गया था, वे कागजों तक ही सीमित रह गईं और जमीन पर उनका कोई असर नहीं दिखा।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार विधानसभा में कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार बजट और आंकड़ों की आड़ में असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
आराधना मिश्रा ने कहा,
“जब सरकार अपने ही पूर्ण बजट को खर्च नहीं कर पाई, तो अनुपूरक बजट लाने का औचित्य क्या है? यह साफ दर्शाता है कि सरकार की योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित हैं।”
कांग्रेस नेता के इस बयान को विधानसभा सत्र और बजट चर्चा के बीच सरकार पर बढ़ते राजनीतिक दबाव के रूप में देखा जा रहा है।





