➤ कादरी गेट थाने में दर्ज हुई एफआईआर, कई धाराओं में केस
➤ एक ही जमीन कई बार बेचने, ठगी और धमकी के गंभीर आरोप
फर्रुखाबाद, संवाददाता।
जनपद में जमीन घोटाले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना कादरी गेट में दर्ज एफआईआर के अनुसार, जमीन के नाम पर ठगी, धोखाधड़ी और मारपीट के आरोप में हरेन्द्र कुमार, महेन्द्र कुमार और प्रवीन कटियार निवासी बढ़पुर थाना कादरी गेट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता अजय पाल सिंह यादव निवासी रतनपुर, थाना कादरी गेट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उसे जमीन बेचने के नाम पर झांसे में लिया। करीब 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें 40 हजार रुपये एडवांस ले लिए गए और शेष रकम बैनामा के समय देने की बात कही गई।
पीड़ित के अनुसार, जब बैनामा कराने की बात आई तो आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। कई बार रजिस्ट्री ऑफिस बुलाने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचे। यहां तक कि पीड़ित ने रजिस्ट्री के लिए शुल्क भी जमा किया, लेकिन आरोपियों की नीयत में खोट सामने आने लगी।
एफआईआर में गंभीर आरोप है कि आरोपियों ने उक्त जमीन को पहले से ही अन्य लोगों को बेच रखा था और बाद में भी अलग-अलग व्यक्तियों को बेचने का प्रयास किया। दस्तावेजों के अनुसार, जमीन के कई बैनामे अलग-अलग लोगों के नाम किए जाने की बात सामने आई है, जिससे यह मामला संगठित ठगी का रूप लेता दिख रहा है।
पीड़ित ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए कई बार सामाजिक पंचायत भी हुई। आरोपियों ने कभी जमीन देने तो कभी पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, यहां तक कि 5 बीघा जमीन या 5 लाख रुपये देने की बात भी कही, लेकिन न तो पैसा वापस किया गया और न ही जमीन का बैनामा हुआ।
घटना 27 जनवरी 2026 की बताई गई है, जब शाम करीब 6 बजे पीड़ित की आरोपियों से मुलाकात हुई। इस दौरान पैसे मांगने पर आरोप है कि गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई।पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में यह भी चर्चा सामने आई है कि आरोपी माफिया अनुपम दुबे गैंग और उसके भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के करीबी बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी दस्तावेजों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
माफिया अनुपम दुबे से कनेक्शन से हड़कंप, तीन पर मुकदमा दर्ज


