यूथ इंडिया के प्रधान संपादक शरद कटियार की तहरीर पर माफिया के करीबी कुख्यात गुंडे योगेंद्र पाठक (संते) समेत आधा सैकड़ा लोगों पर मुकदमा दर्ज
यूथ इंडिया (भरत चतुर्वेदी)
फर्रुखाबाद। जनपद फर्रुखाबाद समेत कन्नौज, मैनपुरी, एटा, इटावा समेत कई जनपदों में माफिया नेटवर्क और उसके समर्थकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दैनिक यूथ इंडिया के प्रधान संपादक शरद कटियार की तहरीर पर कादरीगेट थाने में भोलेपुर निवासी माफिया के खास गुर्गे कुख्यात गुंडे योगेंद्र पाठक उर्फ संते सहित लगभग आधा सैकड़ा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कई पर कार्यवाही की तलवार लटक रही है, जिन पर भी प्रभावी कार्यवाही होगी।
एफआईआर के अनुसार आरोप है कि ये लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुख्यात माफिया अनुपम दुबे के समर्थन में लगातार आपत्तिजनक और भडक़ाऊ टिप्पणियां कर रहे थे। इतना ही नहीं, कई पोस्ट और कमेंट के माध्यम से एडिटर शरद कटियार को निशाना बनाते हुए धमकी भरे संदेश भी प्रसारित किए जा रहे थे, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका उत्पन्न हो गई थी। माफिया अनुपम दुबे के पिता महेश चंद दुबे ने पूर्व में वरिष्ठ पत्रकार रहे दिवंगत कर्ण सिंह कटियार की कानपुर में हत्या करवा दी थी जिस हमले में संतें सोशल मीडिया के जरिए वह घटना याद दिलाते हुए धमकी दे रहा था, बीती 27 दिसंबर 2025 को सेंट्रल जेल चौराहे के करीब एक घटना को अंजाम देने के लिए भी उन पर जानलेवा हमला करने का प्रयास हुआ था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह एफआईआर कादरीगेट थाने में दर्ज की गई।
माफिया नेटवर्क के खिलाफ लगातार लिखते रहे हैं शरद कटियार
गौरतलब है कि यूथ इंडिया के संस्थापक और एस. एम.के.प्रकाशन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर,प्रधान संपादक शरद कटियार लंबे समय से जिले में सक्रिय माफिया और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अपनी खबरों के माध्यम से खुलासे करते रहे हैं। उनकी रिपोर्टों के बाद कई मामलों में प्रशासन और पुलिस द्वारा कार्रवाई भी की गई है।
इसी कारण माफिया समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। आरोप है कि कई लोगों ने सोशल मीडिया पर भडक़ाऊ और अपमानजनक टिप्पणियां करते हुए पत्रकार को डराने और दबाव बनाने की कोशिश की।
जान को खतरे की आशंका
शरद कटियार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि माफिया समर्थकों की इन गतिविधियों के कारण उनकी और परिवार की जान को खतरा उत्पन्न हो सकता है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाडक़र दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
लखनऊ पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर उच्च स्तरीय जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नर के आदेश पर पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार इस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए इटावा और फर्रुखाबाद के उच्च अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आधा सैकड़ा से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले में हलचल तेज हो गई है।
माफिया नेटवर्क और उसके समर्थकों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल है, जबकि कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस भी सतर्क नजर आ रही है।माना जा रहा है कि जांच आगे बढऩे के साथ इस मामले में और भी नए तथ्य सामने आ सकते हैं।
माफिया के भाई गैंगस्टर बब्बन-डब्बन का समर्थन करने वालों पर कसेगा शिकंजा
मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान
फर्रुखाबाद। जिले में सक्रिय माफिया नेटवर्क से जुड़े लोगों के समर्थन में सोशल मीडिया पर की जा रही गतिविधियों को लेकर अब शासन स्तर पर भी सख्ती के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कुख्यात माफिया अनुपम दुबे के भाइयों गैंगस्टर अमित दुबे उर्फ बब्बन और अनुराग दुबे उर्फ डब्बन का खुलेआम समर्थन करने और भडक़ाऊ टिप्पणियां करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी संज्ञान लिया है। बताया जा रहा है कि मामले से संबंधित रिपोर्ट शासन स्तर तक पहुंचने के बाद संबंधित अधिकारियों को पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से माफिया नेटवर्क के समर्थन में माहौल बनाने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले लोगों की गतिविधियों पर प्रशासन की नजर है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इटावा पुलिस को भी जांच के निर्देश
फर्रुखाबाद। माफिया समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही गतिविधियों और धमकी भरी टिप्पणियों के मामले को गंभीरता से लेते हुए इटावा पुलिस को भी जांच के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार मामले से जुड़े कुछ लोगों की गतिविधियां इटावा जनपद से भी संबंधित होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद उच्च स्तर से इटावा पुलिस के अधिकारियों को भी पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों जनपदों की पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






