शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप महिलाओं, छात्राओं और किशोरियों की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत चलाए जा रहे एंटी रोमियो अभियान के तहत शमशाबाद क्षेत्र में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें इंटर कॉलेज की छात्राओं को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
विकासखंड शमशाबाद के ग्राम रमापुर स्थित एक इंटर कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना अध्यक्ष रमेश सिंह ने छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों को पहचानें और सुरक्षित जीवन जीने के लिए सजग रहें। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण के तहत विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान, एंटी रोमियो टीम की भूमिका तथा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया।
इसके अलावा छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारी साझा की गई, ताकि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार न हों।
कार्यक्रम में शासन द्वारा महिलाओं के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एवं सुमंगला योजना प्रमुख रहीं। छात्राओं एवं उपस्थित महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतराम मिश्रा, राम लखन राजपूत, भैयालाल राजपूत सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को जागरूक बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना रहा, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहनीय पहल बताया।
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत एंटी रोमियो अभियान, छात्राओं को दिए गए सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स


