– मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से दहशत में लोग
फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर हत्या की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अलादादपुर में रास्ते से हटने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान 65 वर्षीय वृद्ध सूरज सिंह को गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं हमले में मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कायमगंज क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आए दिन हो रही मारपीट और हत्या की घटनाएं प्रशासन की कार्यशैली पर भी प्रश्नचिह्न लगा रही हैं।फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


