बरेलीl जिले के बहेड़ी क्षेत्र की भूड़िया कॉलोनी, ग्राम उतरसिया सामुखिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी सामने आई है। विद्यालय की अव्यवस्थाओं से परेशान छात्राओं में इतना आक्रोश पनपा कि रविवार सुबह से वे भूख हड़ताल पर बैठ गईं, जिससे विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
विद्यालय में कुल 140 छात्राएं पंजीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 70 छात्राएं ही उपस्थित हैं। आवासीय व्यवस्था बेहद दयनीय बताई जा रही है। छात्राओं के लिए मात्र 40 बेड उपलब्ध हैं, जबकि शेष छात्राओं को जमीन पर सोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी सेहत और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रही हैं।
छात्राओं का आरोप है कि उन्हें समय पर बिजली, पानी, भोजन, स्टेशनरी और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री नहीं मिलती। पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है और बार-बार बिजली कटौती के कारण पढ़ाई बाधित होती है। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
सूचना मिलने पर ग्रामीणों, शिक्षकों और अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया, जिसके बाद उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त कर भोजन ग्रहण किया। ग्राम प्रधान संदीप सिंह ने दो दिन में हेडपंप ठीक कराने का आश्वासन दिया। वहीं एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी विद्यालय पहुंचकर मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। विद्यालय इंचार्ज संगीता भास्कर ने कहा कि छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही सभी कमियों को दूर कराया जाएगा।


