– बच्चों में बढ़ती मोबाइल लत और मानसिक प्रभाव को देखते हुए लिया गया निर्णय
अमरावती: आंध्र प्रदेश सरकार ने बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।
सरकार का मानना है कि कम उम्र में सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, पढ़ाई और व्यवहार पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। इसी को देखते हुए इस संबंध में नियम और दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं।
राज्य सरकार के अनुसार, बच्चों में मोबाइल और सोशल मीडिया की बढ़ती लत चिंता का विषय बनती जा रही है। कई मामलों में पढ़ाई पर असर पड़ने के साथ-साथ मानसिक तनाव, नींद की समस्या और व्यवहार में बदलाव जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं।
सरकार की योजना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उम्र सत्यापन (एज वेरिफिकेशन) को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चे इन प्लेटफॉर्म का उपयोग न कर सकें। शिक्षा और बाल अधिकार से जुड़े विशेषज्ञों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए कहा है कि बच्चों को डिजिटल दुनिया से पूरी तरह दूर करने के बजाय सुरक्षित और सीमित उपयोग की दिशा में कदम उठाना जरूरी है। सरकार जल्द ही इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर सकती है, जिससे बच्चों को ऑनलाइन दुनिया के संभावित खतरों से बचाया जा सके।


