– पश्चिमी यूपी में ज्यादा असर, कई जिलों में ओलावृष्टि की आशंका—लखनऊ में मौसम सुहावना
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 50 जिलों में अगले 48 से 72 घंटों के भीतर तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। अचानक बदलते मौसम से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई स्थानों पर इसका असर जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है।
राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह से ही मौसम सुहावना बना हुआ है। आसमान में बादल छाए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। वहीं हापुड़ में बारिश दर्ज की गई, जबकि सहारनपुर में हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगरा , मेरठ और गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा नॉएडा , कानपुर और गोरखपुर समेत करीब 50 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है, जिससे तेज हवाओं और बारिश का दौर बना रहेगा। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
48-72 घंटे में बदलेगा मौसम, 50 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी


