राजधानी में चला प्लास्टिक-विरोधी अभियान, कई दुकानों पर भारी जुर्माना

0
22

सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर निगम की बड़ी कार्रवाई
लखनऊ। नगर निगम ने गुरुवार को सिंगल-यूज प्लास्टिक और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के कई जोनों में टीमें तैनात की गईं और मौके पर ही चालान काटते हुए कार्रवाई की गई। निगम का कहना है कि शहर को प्लास्टिक-मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सबसे बड़ी कार्रवाई जोन 1 में दर्ज हुई, जहां बाल्मीकि मार्ग स्थित शर्मा चाय की दुकान पर सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाने के आरोप में 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी जोन में खस्ता बेचने वाले एक दुकानदार सुनील कुमार पर सड़क किनारे फैलाई गई गंदगी के लिए 2,000 रुपये का जुर्माना हुआ। निगम अधिकारियों ने मौके पर सफाई के निर्देश दिए।
जोन 6 में कुल 10 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 5,200 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। जोन 8 में स्वच्छता उल्लंघन के 8 मामलों में 4,200 रुपये का दंड लगाया गया। इसके साथ ही सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यहां दुकानदारों से 12,000 रुपये तक वसूले गए।
जोन 7 में नगर निगम की टीमों ने दो चरणों में पॉलिथीन के इस्तेमाल पर कड़ी कार्रवाई की। इस क्षेत्र में कुल 21,500 रुपये का दंड लगाया गया। अधिकारियों का कहना है कि दुकानदारों को पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन बार-बार नियम तोड़ने पर चालान करना जरूरी हो गया।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त लखनऊ के लक्ष्य में नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पॉलिथीन का उपयोग बंद करें और कचरा सड़क पर न फेंके। निगम ने चेताया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here