नई दिल्ली/गांधीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि देश में हर नागरिक के लिए एक समान कानून होना भारतीय जनता पार्टी का स्थापना काल से ही संकल्प रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी की राज्य सरकारें इस दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही हैं।
अमित शाह ने अपने संदेश में प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड के बाद अब गुजरात ने भी समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर अपनी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा विधेयक का समर्थन करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।
उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि देश को तुष्टीकरण की राजनीति के आधार पर नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून के सिद्धांत पर चलना चाहिए। यह न केवल सरकार की प्राथमिकता है बल्कि एक दृढ़ संकल्प भी है, जिसके माध्यम से देश में न्याय और समानता की भावना को मजबूत किया जा रहा है।


