37.2 C
Lucknow
Thursday, March 12, 2026

एलपीजी संकट के बीच आगरा में गैस सिलिंडर बुकिंग का समय बदला, अब सिर्फ छह घंटे ही होगी फोन से बुकिंग

Must read

आगरा: गैस संकट की आशंका और सर्वर संबंधी तकनीकी दिक्कतों के बीच गैस एजेंसियों ने सिलिंडर बुकिंग का समय सीमित कर दिया है। अब उपभोक्ता फोन के माध्यम से केवल सुबह 5 से 7 बजे तक और रात 8 से 12 बजे तक ही एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग करा सकेंगे। यानी दिन के करीब 13 घंटे बुकिंग पूरी तरह बंद रहेगी। एजेंसियों के इस फैसले से हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।

गैस एजेंसियों पर इस संबंध में नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। इसके अनुसार केवल उन्हीं उपभोक्ताओं की बुकिंग की जाएगी जिन्हें पिछले सिलिंडर की डिलीवरी लिए 25 दिन से अधिक समय हो चुका है। इस नई व्यवस्था के कारण कई उपभोक्ताओं को सुबह तड़के उठकर बुकिंग कराने की कोशिश करनी पड़ रही है।

शहर में इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस कंपनियां आमतौर पर रजिस्टर्ड कॉल के माध्यम से उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग करती हैं, लेकिन होली के बाद से बुकिंग प्रणाली में कई तरह की दिक्कतें सामने आ रही हैं। एक तरफ बुकिंग की अवधि बढ़ाई गई है तो दूसरी ओर गैस किल्लत की खबरों के बीच पिछले तीन दिनों से सर्वर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है।

बुकिंग न हो पाने के कारण कई उपभोक्ता खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी और गोदामों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। बुधवार को भी हजारों उपभोक्ता गैस सिलिंडर की तलाश में एजेंसियों और गोदामों के बाहर भटकते नजर आए। अब बुकिंग का समय सीमित किए जाने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शहर में 50 हजार से अधिक घर ऐसे हैं जहां गैस खत्म होने के कारण लोग परेशान हैं। चाय, नाश्ता से लेकर सुबह और रात का खाना बनाने तक में दिक्कतें आ रही हैं। जिले में कुल 13 लाख से अधिक एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब एक लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग फिलहाल अटकी हुई बताई जा रही है। इसके अलावा एक लाख से अधिक ऐसे उपभोक्ता भी हैं जिन्होंने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है, जिससे उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि जिला प्रशासन और गैस कंपनियों के अधिकारी लगातार यह स्पष्ट कर रहे हैं कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। आईओसी के जिला नोडल अधिकारी विनीत कुमार के अनुसार जिले के गैस गोदामों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। लोगों द्वारा अनावश्यक बुकिंग कराने के कारण सर्वर पर दबाव बढ़ गया है, जिससे तकनीकी समस्याएं पैदा हो रही हैं और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न कराएं।

वहीं ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित का कहना है कि सर्वर की दिक्कत के कारण बुकिंग नंबर और कंप्यूटर सिस्टम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही बुकिंग सफल होती है, उसके 24 घंटे के भीतर सिलिंडर की आपूर्ति कर दी जाती है। बुकिंग के बाद मिलने वाला डीएसी नंबर जरूरी होता है, जिसके बिना सिलिंडर की डिलीवरी संभव नहीं है।

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिकरवार के अनुसार सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण गैस एजेंसियों के बुकिंग नंबर काम नहीं कर रहे हैं। इसके चलते उपभोक्ता सीधे एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे वहां भी भीड़ लग रही है। उन्होंने भी स्पष्ट किया कि गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है, बल्कि बुकिंग न हो पाने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।

उधर गैस न मिलने या बुकिंग में समस्या होने पर उपभोक्ता कंपनियों के टोल फ्री नंबर पर शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। इंडेन और एचपी गैस के उपभोक्ता 18002333555 पर, जबकि भारत गैस के उपभोक्ता 1800224344 पर संपर्क कर सकते हैं।

फिलहाल गैस सिलिंडर को लेकर बनी स्थिति के कारण शहर के हजारों उपभोक्ता परेशान हैं और सर्वर समस्या के जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article