सांप-नेवला-बिच्छू को लेकर किए अंधविश्वासी दावे, पुलिस जांच में जुटी
औरैया: बीते कुछ दिनों से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे ‘नागिन’ (Naagin) संबंधी वीडियो और अफवाहों के बीच चर्चित युवती शुक्रवार दोपहर बाद स्वयं थाने पहुंच गई। युवती ने प्रेम विवाह (love marriage) की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी के साथ कानपुर में कोर्ट मैरिज की है और अब वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है।
युवती ने बताया कि वह और उसका पति पिछले चार वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। परिवारों की असहमति के चलते दोनों ने कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए विवाह किया। उसके अनुसार, वह फिलहाल रूरा क्षेत्र से छिपते-छिपाते थाने पहुंचे, ताकि किसी तरह की अनहोनी या दबाव से बचा जा सके।
हालांकि, थाने में दिए गए बयान के दौरान युवती ने सांप, नेवला और बिच्छू से जुड़े कई हैरान करने वाले दावे भी किए। उसने कहा कि एक सांप उसके साथ सोता था और काटने के बाद भी वह जिंदा हो गई। इतना ही नहीं, उसने दावा किया कि नेवला ने काटा तो वह मर गया और बिच्छू ने डंक मारा तो वह भी मर गया। इन दावों के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल मामला प्रेम विवाह और युवती की सुरक्षा से जुड़ा है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो और दावों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अंधविश्वास या अपुष्ट दावों पर विश्वास न करें और अफवाहें न फैलाएं।
पुलिस का कहना है कि युवती बालिग है और यदि उसने अपनी इच्छा से विवाह किया है तो उसे कानून के तहत सुरक्षा प्रदान की जाएगी। साथ ही, यदि किसी प्रकार का दबाव या उत्पीड़न सामने आता है तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री साझा न करने की अपील की है।


