फर्रुखाबाद। ब्लॉक कायमगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में डिलीवरी कराने आई एक प्रसूता के परिजनों ने अस्पताल की नर्स पर अवैध वसूली और अभद्रता का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि नर्स द्वारा डिलीवरी कराने के नाम पर पैसे मांगे गए और रुपए न देने पर प्रसूता के पति के साथ मारपीट कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक प्रसूता को डिलीवरी के लिए सीएचसी कायमगंज लाया गया था। आरोप है कि अस्पताल में तैनात नर्स शीतल ने डिलीवरी कराने के नाम पर प्रसूता के परिजनों से 2,100 रुपये की मांग की। परिजनों ने अपनी मर्जी से 700 रुपये दे दिए, लेकिन शेष रकम न मिलने पर नर्स शीतल कथित तौर पर नाराज हो गईं।
परिजनों का आरोप है कि पैसे न मिलने पर नर्स ने गुस्से में आकर प्रसूता के पति को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। वहीं परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि 102 एंबुलेंस के ड्राइवर ने भी पैसे न देने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की।
बताया गया है कि परिजनों ने नर्स द्वारा की जा रही कथित अवैध वसूली का वीडियो भी बना लिया, जिसे उन्होंने सबूत के तौर पर सुरक्षित रखा है। इसके बाद परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक से की और लिखित प्रार्थना पत्र देकर नर्स की अभद्रता और अवैध वसूली के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इलाज और डिलीवरी की सुविधा निशुल्क होने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा पैसे मांगे जा रहे हैं, जिससे गरीब मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
फिलहाल मामले की शिकायत मिलने के बाद चिकित्सा अधीक्षक ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।


