यूथ इंडिया संवाददाता
कन्नौज। बिठूर क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों नितेश दुबे उर्फ बिल्लू और निहाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में लॉज मालिक का बेटा पदम तिवारी गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका था। अब कोर्ट के आदेश पर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के कैंट क्षेत्र की रहने वाली किशोरी मंगलवार रात अपने रिश्ते के भाई का पता तलाशते हुए कानपुर पहुंची थी। इसी दौरान मंधना बाजार के पास उसकी मुलाकात पदम तिवारी से हुई, जिसने उसे रात में ठहरने के लिए कमरा दिलाने का झांसा दिया। आरोपी उसे बिठूर स्थित एक लॉज में ले गया, जहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
घटना का खुलासा बुधवार सुबह हुआ, जब पास के एक किरायेदार को कुछ संदिग्ध लगा और उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पदम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पीडि़ता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया और आगे की जांच के दौरान अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट में पीडि़ता ने परिजनों के डर से अपना नाम बदलकर बताया था, लेकिन बाद में पूछताछ में उसने सही जानकारी दी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि किशोरी पहले भी घर से लापता हो चुकी थी और पारिवारिक कारणों के चलते ननिहाल में रह रही थी।
गैंगरेप के तीनों आरोपी भेजे गए जेल, पीडि़ता की काउंसलिंग शुरू


