कन्नौज: पूर्व मुख्यमंत्री, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कन्नौज सांसद अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने अपने एक दिवसीय Kannauj दौरे के दौरान भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “हमसे गलती हुई और हमने उसके लिए माफी भी मांगी, लेकिन डिप्टी सीएम को एक महीने बाद पता चला कि चुटिया खींची गई। शायद उन्हें सांप सूंघ गया था।” उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि डिप्टी सीएम में हैसियत है तो अपना सम्मान बचाने के लिए या तो सरकार गिराएं या फिर अपने पद से इस्तीफा दें।
कन्नौज के प्रमुख व्यवसाय इत्र उद्योग का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को सुगंध से नहीं, दुर्गंध से प्रेम है, इसलिए कन्नौज को अब तक कोई विशेष सहयोग नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इत्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा युद्ध के खिलाफ रही है। “दुनिया में वॉर नहीं होना चाहिए, क्योंकि युद्ध कभी अच्छाई नहीं लाता, केवल नुकसान देता है,” उन्होंने कहा।
एसआईआर को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पहले भाजपा नेताओं ने कहा था कि मुसलमान भाई कागज ढूंढेंगे, लेकिन अब स्थिति यह है कि हिंदू भाई ही कागज ढूंढ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आम लोगों को परेशान करने में लगी है। केंद्र सरकार की व्यापार नीतियों पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार विभिन्न देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट कर रही है, जबकि चीन भारत का बाजार छीनने में लगा है। उन्होंने चेतावनी दी कि केवल नारों से देश का भविष्य सुरक्षित नहीं होगा और आने वाली पीढ़ी का भविष्य खतरे में है।
युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में न रोजगार है और न ही अच्छे दिन आए हैं। “देश के नौजवान भटक रहे हैं, उन्हें मोबाइल पर सेल्फी लेना सिखा दिया गया है, लेकिन रोजगार और जीवन स्तर में कोई सुधार नहीं हुआ,” उन्होंने कहा। अखिलेश यादव के इस दौरे और बयानों से कन्नौज सहित प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।


