बोले – भाजपा ने गुट निरपेक्षता की जगह ‘गुट सापेक्षता’ की नीति अपनाई
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश की विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है जब भारत की विदेश नीति विदेशी ताकतों के प्रभाव में तय होती दिखाई दे रही है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भारत की पारंपरिक ‘गुट निरपेक्षता’ की नीति को छोड़कर ‘गुट सापेक्षता’ की नीति अपना ली है। उनका कहना है कि इससे देश की संप्रभुता और आत्मनिर्भरता की नीति कमजोर हो सकती है।
उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति हमेशा स्वतंत्र और संतुलित रही है, जिसमें किसी एक गुट के प्रभाव में आए बिना राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता दी जाती थी। लेकिन वर्तमान समय में परिस्थितियां अलग दिखाई दे रही हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि देश की विदेश नीति का मूल आधार स्वतंत्र निर्णय और राष्ट्रीय हित होना चाहिए। भारत को अपनी परंपरागत नीति पर कायम रहते हुए वैश्विक मंच पर संतुलित और स्वतंत्र भूमिका निभानी चाहिए।


