ईद पर भाईचारे का संदेश, कानून-व्यवस्था और प्रशासन को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने देश की सामाजिक एकता, कानून-व्यवस्था और राजनीतिक माहौल को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए।
ईद के अवसर पर देशवासियों को संदेश देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत की संस्कृति हमेशा से मेल-जोल और भाईचारे की रही है। उन्होंने कहा, “हमारे देश की संस्कृति यह रही है कि हम सब त्यौहार मिल-जुलकर मनाते हैं। ईद पर हम संकल्प लेते हैं कि अमन-चैन और खुशहाली के साथ आपसी दूरियां खत्म करें।”
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा कभी युद्ध के पक्ष में नहीं रही। उनके अनुसार, “भारत जैसे देश के पास विश्व गुरु बनने का मौका था, अगर भारत मजबूती से खड़ा होता तो युद्ध की स्थिति टाली जा सकती थी।”
भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल केवल नफरत फैलाने और हर परिस्थिति का राजनीतिक लाभ उठाने में लगा है। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के लोग कुछ नहीं जानते, वह सिर्फ नफरत फैलाना चाहते हैं। अगर किसी साधु बाबा की हत्या हुई है तो मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।”
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस और प्रशासन का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, “यह सरकार पुलिस और प्रशासन से राजनीतिक काम लेती है, इसी कारण लॉ एंड ऑर्डर और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।”
सपा अध्यक्ष के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी घमासान तेज होने के आसार हैं।


