लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से गुरुवार को ईराक के सम्मानित आध्यात्मिक नेता अयातुल्ला शेख मोहम्मद याकूबी के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में भेंट की। मौलाना जावेद आब्दी के नेतृत्व में आए इस प्रतिनिधिमंडल में अल्लामा सैयद अली अल यासरी, अल्लामा सैयद अली नकी जैदी, अल्लामा डॉ. सैयद कल्बे अब्बास रिजवी अल इज्तेहादी तथा अल्लामा शेख सालह शामिल रहे।
बैठक में भारत–ईराक के व्यापारिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रतिनिधियों ने कहा कि ईराक में भी अखिलेश यादव की लोकप्रियता है। उन्होंने कहा— “भारत अखिलेश यादव के नेतृत्व में तरक्की कर सकता है। उनमें सबको साथ लेकर चलने की क्षमता है।”
भारत–ईराक के संबंधों को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि गांधी जी को भी ईराक में अत्यधिक सम्मान प्राप्त है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि भारत की संसद में अखिलेश यादव के भाषणों का अरबी भाषा में अनुवाद प्रसारित करने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ईराक में पेट्रोल का पर्याप्त उत्पादन है, इसलिए दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग को और मजबूत किया जाना चाहिए।
ईराकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा “भारत वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना वाला देश है। दुनिया में भाईचारा और अमन-चैन ही तरक्की की कुंजी है।” सभी धर्म समानता, प्रेम और धैर्य का संदेश देते हैं।समाज में गैर-बराबरी खत्म करना और सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करना जरूरी है।
अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के कार्यों का विवरण देते हुए बताया महिलाओं को पेंशन, छात्रों को फ्री लैपटॉप, फ्री साइकिल वितरण और साइकिल ट्रैक, बड़े अस्पतालों में हार्ट, लीवर, किडनी, कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त चिकित्सा, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1090 महिला सुरक्षा सेवा शामिल हैँ।
इन कार्यों की ईराकी प्रतिनिधिमंडल ने सराहना की और कहा कि समाजवादी सरकार ने जनहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए।
बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश यादव के स्वस्थ और सफल जीवन की शुभकामनाएँ दीं और उन्हें आधिकारिक रूप से ईराक यात्रा के लिए निमंत्रित भी किया।
यह मुलाकात भारत–ईराक के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को नए आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


