ब्राह्मण विधायकों की बैठक मीडिया की उपज’
फिरोजाबाद। प्रदेश के फिरोजाबाद में पहुंचे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी ने ब्राह्मण विधायकों की कथित बैठक को लेकर मीडिया में चल रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। टेनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसी कोई बैठक नहीं हुई है और यह पूरी बात मीडिया द्वारा गढ़ी गई है।
अजय मिश्र टेनी ने कहा, “ब्राह्मण विधायकों की कोई अलग बैठक नहीं हुई है। यह सब मीडिया का किया हुआ है, हकीकत में ऐसा कुछ भी नहीं है।” उन्होंने दो टूक कहा कि भारतीय जनता पार्टी जातिवाद की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
‘बीजेपी सबको साथ लेकर चलती है’
टेनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद पर आधारित है। पार्टी किसी भी वर्ग या जाति के नाम पर राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी समाज के लोगों को बराबर सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलता है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
इस दौरान अजय मिश्र टेनी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा,
“अखिलेश यादव कोई जमीनी नेता नहीं हैं। उन्होंने राजनीति विरासत में पाई है। वह सिर्फ आरोप लगाते रहते हैं और उनके पास विकास या ठोस मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं है।”
टेनी ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति हमेशा आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रही है, जबकि भाजपा ने ज़मीन पर उतरकर विकास कार्य किए हैं और जनता के बीच विश्वास कायम किया है।
गौरतलब है कि आगामी चुनावों और राजनीतिक हलचल के बीच नेताओं के बयानों का दौर तेज हो गया है। अजय मिश्र टेनी के इस बयान को भाजपा की ओर से जातिवाद के आरोपों पर सफाई और विपक्ष पर पलटवार के रूप में देखा जा रहा है।
टेनी के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे आने वाले चुनावी माहौल से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here