आगरा ताजगंज थाना क्षेत्र में पत्नी ने पति और उसकी प्रेमिका के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि पांच साल पहले नकुल से उनकी शादी हुई थी। शादी के बाद पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग कर उत्पीड़न शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्हें मारपीट का सामना करना पड़ा। दो साल से महिला मायके में रह रही थी और परेशान होकर अधिवक्ता के माध्यम से दहेज और अन्य संबंधित मुकदमे कोर्ट में दायर किए थे।
कोर्ट में समझौता होने के बाद पति और ससुराल वाले अपनी जिम्मेदारी पर महिला को घर ले आए। घर लौटने पर महिला को पता चला कि पति अवैध संबंधों में लिप्त था। विरोध करने पर पति ने मारपीट शुरू कर दी और बातचीत करना बंद कर दिया। आरोप है कि छह दिन पहले पति ने अपनी प्रेमिका को फोन कर घर बुलाया और महिला के हाथ पकड़कर प्रेमिका से मारपिटवाया।
ताजगंज पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति और प्रेमिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





