आगरा| एकलव्य स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान कई युवाओं के सपनों को उस समय झटका लगा, जब शरीर पर बने बड़े टैटू और दस्तावेजों में कमी के चलते उन्हें प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। भर्ती में शामिल युवाओं ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में सावधानी बरतने की बात कही।
सेना भर्ती कार्यालय की ओर से आयोजित इस रैली का आयोजन 1 अप्रैल से 19 अप्रैल तक किया जा रहा है, जिसमें करीब 12 जिलों के लगभग 19 हजार अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। शुक्रवार को अग्निवीर क्लर्क पद के लिए भर्ती प्रक्रिया के तहत सुबह साढ़े छह बजे 1600 मीटर की दौड़ कराई गई, जिसमें करीब 500 युवा निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए अगले चरण के लिए चयनित हुए।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान आधा दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में भी कमी पाई गई, जिसके चलते उन्हें भी बाहर कर दिया गया। सेना के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भर्ती के नियमों के अनुसार शरीर पर अनुचित स्थानों पर बने टैटू और अधूरे दस्तावेज किसी भी अभ्यर्थी के चयन में बाधा बन सकते हैं।
अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे भर्ती में शामिल होने से पहले सभी जरूरी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अपने दस्तावेजों को पूरी तरह सही रखें, ताकि अंतिम समय में उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
टैटू बना युवाओं के सपनों में बाधा: अग्निवीर भर्ती रैली से कई अभ्यर्थी बाहर


