कौशाम्बी: पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद दुल्ह (bride) ने अचानक विवाह (wedding ceremony) करने से इनकार कर दिया। घटना से शादी समारोह में सन्नाटा पसर गया और दोनों पक्षों के लोग असमंजस में पड़ गए। रात भर चली मान-मनौव्वल के बावजूद दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही, जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
बताया जाता है कि बारात प्रयागराज से आई थी। बाराती डीजे की धुन पर नाचते-गाते कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। तय कार्यक्रम के अनुसार स्टेज पर वर-वधू ने एक-दूसरे को जयमाल पहनाई। माहौल खुशी और उत्साह से भरा हुआ था।
इसी बीच जब विवाह की मुख्य रस्में और फेरे शुरू होने वाले थे, दुल्हन ने किसी कारणवश शादी करने से साफ इनकार कर दिया। उसके इस फैसले से मंडप में मौजूद परिजन और रिश्तेदार स्तब्ध रह गए। दोनों पक्षों के बुजुर्गों और करीबी लोगों ने पूरी रात दुल्हन को समझाने का प्रयास किया और कारण जानना चाहा, लेकिन उसने कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई।
भोर तक चली बातचीत और समझाइश के बावजूद दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई। अंततः बारात को बिना विवाह संपन्न हुए वापस लौटना पड़ा। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और लोग तरह-तरह की अटकलें लगाते रहे।
थाना प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया कि जयमाल के बाद दुल्हन द्वारा फेरे लेने से इनकार की सूचना मिली थी, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि यदि आगे कोई तहरीर मिलती है तो जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


