औरैया
फफूंद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने प्रेमी द्वारा शादी से इंकार किए जाने और शारीरिक शोषण के आरोप से आहत होकर उसके घर के बाहर ही कीटनाशक पी लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फफूंद थाना क्षेत्र के गांव लोहरई निवासी युवती का करीब पांच वर्षों से कंचन पुरवा गांव निवासी संदीप यादव के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। युवती का आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा, लेकिन समय आने पर वह टालमटोल करने लगा। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि 24 मार्च की सुबह करीब 10 बजे युवती अपने प्रेमी के घर पहुंची, जहां उसकी मां प्रभा देवी, बहन पायल और अन्य परिजनों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर युवती को सड़क पर पटककर लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से आहत हो गई। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उसका आरोप है कि दो दिनों तक उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई। गुरुवार को वह दोबारा प्रेमी के गांव पहुंची और उसके घर के बाहर धरने पर बैठ गई। कुछ देर बाद उसने अपने साथ लाई कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
युवती की हालत गंभीर होते देख परिजन और स्थानीय लोग घबरा गए और तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के लिए रेफर कर दिया।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने युवती के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर इटावा जेल भेजा जाएगा। फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने भी पुष्टि की है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल युवती का इलाज सैफई में चल रहा है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।


