सीतापुर | यूथ इंडिया: सीतापुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिधौली कोतवाली क्षेत्र में पति से विवाद के बाद एक महिला ने अपनी मासूम बेटी को नहर में फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह अपनी बेटी को साथ लेकर घर से निकल गई। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद उसने नहर के किनारे पहुंचकर बच्ची को पानी में फेंक दिया और खुद वहीं किनारे बैठ गई।
मासूम की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। नहर में बच्ची की तलाश के लिए खोजबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस और गोताखोरों की टीम मासूम की तलाश में जुटी हुई है।
सिधौली कोतवाली क्षेत्र का मामला
पूरा मामला सीतापुर के सिधौली कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके के लोगों में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है।


