संभल ईद की नमाज को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि पूर्व की तरह ही नमाज अदा की जाएगी और सभी को सरकारी निर्देशों का पालन करना होगा। यह निर्देश एएसपी और सिटी मजिस्ट्रेट ने पीस कमेटी की बैठक में दिए।
सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और एएसपी आलोक भाटी ने हयातनगर थाना और संभल कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। इस बैठक में शहर के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों और नगर पालिका परिषद के सभासदों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि त्योहार से पहले उनका समाधान किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनप्रतिनिधियों से भी कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशासन के निर्देशों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
सभासद मोहम्मद रेहान ने बताया कि बैठक में सभी ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं और अधिकारियों ने उन्हें ध्यान से सुना। उन्होंने कहा कि संभल में ईद, दिवाली और होली जैसे सभी त्योहार हिंदू-मुस्लिम मिलकर मनाते हैं। वहीं सभासद विपिन गुप्ता और मोहम्मद शौकीन ने भी बताया कि अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि नमाज पहले की तरह ही होगी और बैठक में उठी छोटी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। 🤝


