गाजीपुर। ईद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। 21 मार्च को प्रस्तावित ईद की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है।
इसी क्रम में सुहवल गांव में स्वास्थ्य विभाग के प्रसूता केंद्र के लिए आवंटित जमीन को लेकर चल रहे विवाद के चलते उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवाद के पूर्ण निस्तारण तक उक्त जमीन पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य और नमाज अदा करने पर तत्काल प्रभाव से रोक रहेगी।
एसडीएम ने बताया कि यह निर्णय क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। साथ ही ईद की नमाज गांव की दोनों मस्जिदों में दो शिफ्ट में कराई जाएगी, ताकि भीड़ नियंत्रण के साथ सामाजिक सौहार्द भी बना रहे। पुलिस को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, गांव निवासी शिवप्रकाश राय द्वारा उक्त जमीन पर नमाज अदा किए जाने पर आपत्ति जताते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया। मौके पर क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष भोलानाथ सरोज समेत राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम ने कहा कि विवाद के समाधान तक यथास्थिति बनाए रखी जाएगी और नमाज केवल निर्धारित मस्जिदों में ही अदा कराई जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि ईद का पर्व जिले में पूरी शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हो।


