शाहजहांपुर। एसआई (सब-इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी रजनीश मिश्रा ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों व संबंधित अधिकारियों को शासन की गाइडलाइन के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, बैठने की व्यवस्था और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से परखा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित माहौल बनाए रखा जाए। प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर सुरक्षा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।


