37.2 C
Lucknow
Thursday, March 12, 2026

काशी की आध्यात्मिकता में डूबीं अभिनेत्री निम्रत कौर

Must read

– घाटों की सैर और गंगा आरती का लिया अद्भुत अनुभव

वाराणसी: निम्रत कौर इन दिनों आध्यात्मिक नगरी वाराणसी की यात्रा पर हैं। हिंदी फिल्मों और अंतरराष्ट्रीय टेलीविजन में अपनी खास पहचान बना चुकी अभिनेत्री ने इस दौरान काशी की संस्कृति, आध्यात्मिकता और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।

वाराणसी पहुंचने के बाद निम्रत कौर ने सबसे पहले बनारस की प्रसिद्ध सर्दियों की मिठाई मलइयो का स्वाद लिया। यह मिठाई बनारस की खास पहचान मानी जाती है और सर्दियों के मौसम में ही बनती है। अभिनेत्री ने इस स्थानीय व्यंजन की खूब सराहना करते हुए इसे बेहद स्वादिष्ट बताया।

अपने प्रवास के दौरान उन्होंने पवित्र गंगा नदी में नाव की सवारी करते हुए शहर के ऐतिहासिक घाटों का दीदार किया। नाव यात्रा के दौरान उन्होंने काशी के कई प्रसिद्ध घाटों की भव्यता और वहां की आध्यात्मिक ऊर्जा को करीब से महसूस किया। गंगा के शांत जल और घाटों की अद्भुत छटा ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया।

अभिनेत्री ने काशी के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी हिस्सा लिया। इस दौरान वह आम श्रद्धालुओं के बीच बैठकर आरती का दर्शन करती नजर आईं।

गंगा आरती के समय मंत्रोच्चार, घंटियों की ध्वनि और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण आध्यात्मिकता से भर उठा। आरती का यह दिव्य दृश्य देखकर निम्रत कौर भावुक हो गईं और उन्होंने कहा कि काशी में गंगा आरती देखना उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा।

उन्होंने बताया कि गंगा आरती के दौरान उन्हें गहरी शांति और सुकून का अनुभव हुआ। उनके अनुसार काशी की यह आध्यात्मिक अनुभूति इतनी अद्भुत है कि इसे शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना कठिन है।

निम्रत कौर की यह यात्रा एक बार फिर साबित करती है कि वाराणसी की आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत देश-विदेश के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती रहती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article