मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम करमचंदपुर (ताजपुर) निवासी महिला ने बहू पर जेवर ले जाने, गाली-गलौज करने तथा संपत्ति में हिस्सा मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है।
ग्राम करमचंदपुर निवासी जगदीश चंद्र की पत्नी मोर श्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र अजय कुमार की लगभग तीन वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। मृतक के चार बच्चे देव (11 वर्ष), अभिनव (9 वर्ष), सुरभि (8 वर्ष) तथा प्रथम (6 वर्ष) हैं।
पीड़िता का आरोप है कि उसकी बहू सुमन ने परिवार की मर्जी के बिना ही गांव के गंगापुत्री के पुत्र अजय के साथ 10 अक्टूबर 2025 को कोर्ट मैरिज कर ली। साथ ही आरोप लगाया कि विवाह से पहले वह घर के जेवर भी अपने साथ ले गई थी।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुमन बच्चों के साथ गाली-गलौज करती है तथा जान से मारने की धमकी दे रही है और परिवार की संपत्ति में हिस्सा मांग रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


