मैनपुरी: कोतवाली क्षेत्र में एक युवक द्वारा अपनी धार्मिक पहचान (religious identity) छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण (raping ) करने का मामला सामने आया है। सच्चाई सामने आने पर विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़िता ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर तहरीर दी और न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार वह कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली है। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी पहचान नगर के ही एक मोहल्ले में रहने वाले युवक से हुई थी। युवक ने शुरुआत में अपना नाम और पहचान बदलकर स्वयं को हिंदू बताया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। युवती का कहना है कि युवक उसे अक्सर लोहिया पार्क में मिलने के लिए बुलाता था और भविष्य में विवाह का भरोसा देता था।
आरोप है कि एक दिन युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा और जल्द विवाह करने का आश्वासन दिया। आर्थिक स्थिति और परिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए युवती ने उसकी बात पर विश्वास कर लिया। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए युवक ने विभिन्न स्थानों पर उसे बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए। हाल ही में जब वह युवती को एक होटल में लेकर गया, तो वहां युवक का आधार कार्ड देखने पर उसकी वास्तविक पहचान सामने आ गई। तब युवती को पता चला कि युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए।
हकीकत सामने आने के बाद युवती ने विरोध किया और संबंध खत्म करने की बात कही। आरोप है कि इस पर युवक ने उसके साथ मारपीट की और धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर परिवार को पूरी बात बताई और शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


