बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में एक महिला का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने न्यायालय के आदेश पर बारादरी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि वीडियो के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया और संबंध बनाने के लिए दबाव डाला गया।
डोहरा रोड निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति का परिचय परचूनी की दुकान चलाने वाले वीर सिंह से है। महिला के अनुसार उन्होंने वीर सिंह और उनकी पत्नी की आर्थिक मदद करते हुए तीन लाख रुपये भी दिए थे और दुकान के काम में भी सहयोग करते थे। आरोप है कि 14 जुलाई 2025 को जब वह वीर सिंह के घर के शौचालय में गई थीं, उसी दौरान वीर सिंह के पौत्र वंश ने उनका अश्लील वीडियो बना लिया।
महिला का कहना है कि इसके बाद वंश ने वीडियो दिखाकर संबंध बनाने और दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि वंश ने बताया कि उसने यह वीडियो अपने दादा वीर सिंह के कहने पर बनाया था। जब महिला ने विरोध किया और शिकायत की बात कही तो 20 नवंबर 2025 को वीर सिंह, अनुज साहू, वंश साहू और रवि सोलंकी ने उनसे झगड़ा किया और जातिसूचक टिप्पणी भी की। बाद में आरोपियों ने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और आठ लाख रुपये की मांग करते हुए अन्य वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वंश और रवि सोलंकी संबंध बनाने से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वहीं थाना प्रभारी के अनुसार जिस महिला ने यह आरोप लगाए हैं, उसके खिलाफ पहले वीर सिंह ने दुकान का सामान चोरी करने का मामला दर्ज कराया था। वह मुकदमा भी न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ था और उसकी जांच भी चल रही है।


