बरेलीl सीबीगंज आईटीआई के छात्र पर फायरिंग करने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रेमनगर थाने में दोनों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है।
बहेड़ी क्षेत्र के गांव मल्हपुर सबरा निवासी राहुल गंगवार ने प्रेमनगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि चार फरवरी को वह शास्त्री नगर गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान प्रेमनगर रामलीला गौंटिया निवासी मनोज भास्कर और इज्जतनगर के मठ लक्ष्मीपुर निवासी उदय ठाकुर बाइक से वहां पहुंचे और उससे मोबाइल व चेन छीनने का प्रयास किया।
राहुल के विरोध करने पर मनोज ने उसके सिर पर लोहे का कड़ा मार दिया। इसके बाद उदय ठाकुर ने तमंचा निकालकर राहुल के सिर पर सटा दिया। राहुल ने तमंचे की नाल पकड़कर खुद को बचाने की कोशिश की, जिस पर मनोज ने उदय को गोली मारने के लिए उकसाया। मनोज के इशारे पर उदय ने फायर कर दिया।
गोली राहुल की दाहिनी बगल में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। इसी दौरान राहुल की बहन पूजा मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया।
सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि बृहस्पतिवार रात पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर कुदेशिया फाटक की ओर भागने लगे।
आरपीएफ बैरक के पास आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


