29 C
Lucknow
Saturday, April 11, 2026

गाली-गलौज का विरोध करने पर मारपीट, सोने की चेन छीनने का आरोप

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम धमगमा लहरा में दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है, जहां गाली-गलौज का विरोध करने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई और सोने की चेन छीनने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी कायमगंज को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम धमगमा लहरा निवासी वेदराम पुत्र नानक चंद्र ने गांव के ही प्रदीप कुमार उर्फ तेजपाल पुत्र नरेंद्र चंद्र, उसकी पत्नी बबली, पुत्री तथा दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी आए दिन गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते रहते हैं।
पीड़ित के मुताबिक 12 फरवरी को भी आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी, जिसकी शिकायत उसने शमशाबाद थाना पुलिस से की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 8 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे आरोपियों ने एक बार फिर हमला बोल दिया।
आरोप है कि प्रदीप कुमार अपनी पत्नी और पुत्री के साथ मिलकर पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर बचाने आई पीड़ित की पत्नी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके गले में पड़ी सोने की चेन भी छीन ली गई। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो चुके थे।
घटना के बाद पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी कायमगंज को तहरीर देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं क्षेत्राधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना शमशाबाद पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दबंगों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article