लखीमपुर खीरी| धौरहरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के बीच बसंतापुर पुलिया के पास सवारियों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर ही तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग शनिवार रात करीब 12:45 बजे धौरहरा से एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर टेंपो से अपने गांव ऊंचगांव, थाना खमरिया लौट रहे थे। रास्ते में बसंतापुर पुलिया के पास घना कोहरा छा जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो पलट गया। टेंपो पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही धौरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा भिजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने खुशबू (12 वर्ष), अबू तालिब (5 वर्ष) और अजरा (2 वर्ष) निवासी ऊंचगांव, थाना खमरिया को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में किस्मतुन (45 वर्ष), साकिया (20 वर्ष), सादिया (22 वर्ष), निदा (10 वर्ष), अकील (18 वर्ष) निवासी ऊंचगांव, थाना खमरिया तथा टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशान (30 वर्ष) निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना खमरिया शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान टेंपो चालक जीशान की भी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया घना कोहरा और वाहन का अनियंत्रित होना हादसे का कारण प्रतीत हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here