लखीमपुर खीरी| गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने एक परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया। पीलीभीत–बस्ती हाईवे पर गोला से आगे एक तेज रफ्तार कार पीछे से खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बच्ची समेत दो लोग गंभीर हादसे के बावजूद सुरक्षित बच गए। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
हादसे का शिकार सभी छह लोग दिल्ली से बहराइच एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बताया गया कि दिल्ली के राजौरी गार्डन में रहकर सजावट का काम करने वाले सुनील सिंह अपनी पत्नी सुधा सिंह, बेटी, रिश्तेदार मानवी तथा साले संतोष और मुकेश के साथ बुधवार रात वैगनआर कार से निकले थे। गुरुवार सुबह गोला क्षेत्र के पास घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान कार चालक को आगे खड़े ट्रक का अंदाजा नहीं हो सका और कार सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची सहित दो लोग बाल-बाल बच गए। हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया और तिलक समारोह की तैयारियां मातम में बदल गईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं कोहरे के मौसम में वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। यह हादसा एक बार फिर यह चेतावनी देता है कि कोहरे में जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here