फर्रुखाबाद| शमशाबाद थाना क्षेत्र में रविवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली शमशाबाद मार्ग पर बुढ़िया पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के मिल्किया पहाड़पुर गांव के लोग और उनके रिश्तेदार तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से शमशाबाद के ढाई घाट पर गंगा स्नान के लिए गए थे। वापसी के दौरान डीजे और जनरेटर लगी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली में करीब 12 लोग सवार थे, जिनमें कई श्रद्धालु ट्रॉली के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों और ग्रामीणों ने मदद कर ट्रॉली को सीधा कराया और घायलों को बाहर निकाला। ई-रिक्शा से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने 12 वर्षीय रीति को मृत घोषित कर दिया। घायलों में 12 वर्षीय प्राची पुत्री अवधेश, 12 वर्षीय आशू पुत्र केशव, 20 वर्षीय बिजेंदर, 18 वर्षीय अनिल कुमार, 21 वर्षीय उमेश और 21 वर्षीय विक्रांत शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद प्राची और अनिल कुमार को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक बालक अपने पिता के ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था और वह दो भाइयों में छोटा था। ट्रॉली में डीजे और जनरेटर लगे होने के कारण उसमें कम लोग बैठे थे, अन्यथा हादसा और बड़ा हो सकता था। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि गंगा स्नान कर लौटते समय ट्रैक्टर असंतुलित होकर खेत में गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।






