फर्रुखाबाद| सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वाहन का शुभारंभ फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट परिसर से किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती कश्यप भी मौजूद रहीं।
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि यह इंटरसेप्टर वाहन हाई स्पीड से चलने वाले वाहनों की निगरानी करेगा और अत्याधुनिक कैमरे के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इटावा-बरेली हाईवे के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हैं, जिसके कारण हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि देखने को मिली है।
एआरटीओ ने जमापुर मोड़, चाचूपुर, सेंट्रल जेल चौराहा, मसेनी चौराहा, रोहिला चौराहा और धीरपुर चौराहा सहित अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा संकेत बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके।
इसके अलावा, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को पेट्रोल देने वाले पेट्रोल पंपों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट पहनने को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।
इंटरसेप्टर वाहन को इटावा-बरेली हाईवे सहित जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर तैनात किया जाएगा। इसमें लगा हाईटेक कैमरा लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी तक वाहनों की गति को रिकॉर्ड कर सकेगा, जिससे तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों पर प्रभावी ढंग से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। प्रशासन ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।





