फर्रुखाबादl अमृतपुर थाना क्षेत्र में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी 35 वर्षीय राजवीर पुत्र बाबूराम 7 जनवरी की शाम खाद लेने के लिए अमृतपुर गए थे। काम निपटाकर जब वह साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी बंसी अड्डा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजवीर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने राजवीर को कानपुर रेफर कर दिया, जहां करीब पांच दिन तक चले इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी साधना का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चों—एक पुत्र और एक पुत्री—को छोड़ गया है। पत्नी बार-बार यही कहती नजर आई कि उन्हें क्या पता था कि खाद लेने गए पति अब कभी वापस नहीं लौटेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार हादसे को अंजाम देने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने कानपुर के हैलट अस्पताल में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।


