कानपुर| स्वरूप नगर थानाक्षेत्र में जीटी रोड पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों नए साल के लिए केक पैकिंग के डिब्बे खरीदने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसा नजीराबाद चौराहे के पास हुआ। चौबेपुर थानाक्षेत्र के ग्राम कंजती निवासी अरुण कुमार शर्मा उर्फ दीपू का 25 वर्षीय बेटा शिवम अपने सगे मामा 27 वर्षीय शिवाकांत, निवासी ग्राम शीतलपुर, थाना घाटमपुर, के साथ बाइक से जरीब चौकी चौराहे की ओर जा रहा था। दोनों गांव में मिलकर बेकरी का संचालन करते थे। शिवम के चचेरे भाई आशुतोष शर्मा ने बताया कि 31 दिसंबर की रात केक के कई ऑर्डर थे, लेकिन पैकिंग के डिब्बे खत्म हो गए थे। इसी वजह से मामा-भांजे देर रात डिब्बे खरीदने निकले थे।
जीटी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्वरूप नगर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
जब पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नए साल की खुशियों से पहले हुए इस हादसे से गांव और रिश्तेदारी में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here