फर्रुखाबाद| शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण एक और सड़क हादसा सामने आया। थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र में अर्रापहाड़पुर सब्जी मंडी के पास पिकअप वाहन और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक समेत एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे की बताई जा रही है। उस समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान सब्जी मंडी से निकल रहा ई-रिक्शा सामने से आ रही पिकअप से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक की पहचान श्यामवीर पुत्र अवधेश, निवासी गाड़रियन नगला, थाना मऊ दरवाजा, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना की चपेट में आकर एक साइकिल सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को लोहिया अस्पताल भिजवाया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अजब सिंह, बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन कुमार, कांस्टेबल सुभाष पांडेय, कांस्टेबल सुख चौधरी और कांस्टेबल विनीत चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घने कोहरे में पिकअप और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर, चालक व साइकिल सवार गंभीर घायल


