अमेठी| मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलम स्कूल के पास यह दर्दनाक दुर्घटना हुई, जहां एक के बाद एक चार ट्रक, एक जनरथ बस और एक कार आपस में भिड़ गईं। हादसे में दो ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जनरथ बस में सवार 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि हाईवे पर कुछ मीटर दूर तक भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान एक ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और उसका ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। इसके ठीक पीछे आ रहा दूसरा ट्रक उससे जा टकराया। कुछ ही क्षणों में तीसरा ट्रक भी पीछे से भिड़ गया। अचानक हुई इस श्रृंखलाबद्ध टक्कर के कारण पीछे से आ रहा एक और ट्रक, जनरथ बस और एक कार भी क्षतिग्रस्त ट्रकों से टकरा गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मुसाफिरखाना थाना पुलिस, यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कार में सवार दंपती इस भयावह हादसे में बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई।
क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और दृश्यता की कमी सामने आई है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
फिलहाल पुलिस मृत ट्रक चालकों की पहचान कराने में जुटी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने कोहरे के मौसम में वाहन चालकों से सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।




